स्वास्थ्य संवाद एवं चिकित्सा सेवा सम्मान से सम्मानित हुए 26 उत्कृष्ट चिकित्सक
DESK THE CITY NEWS
देहरादून। विचार एक नई सोच सामाजिक संगठन व उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी देहरादून में स्वास्थ्य संवाद एवं चिकित्सा सेवा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री, सड़क परिवहन अजय टम्टा, अति विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार, सुबोध उनियाल, विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष राज्य महिला आयोग, कुसुम कंडवाल, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं महानिदेशक, सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक, चिकित्सा शिक्षा आशुतोष सयाना ने शिरकत की।
इस मौके पर अतिथियों ने स्वास्थ्य संवाद एवं चिकित्सा सेवा सम्मान से 26 उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री, सड़क परिवहन अजय टम्टा ने कहा डॉक्टर समाज का मेरुदंड हैं। कोरोना काल हो या दुर्गम क्षेत्रों में सेवा, हमारे चिकित्सकों ने जो योगदान दिया है वह अभूतपूर्व है।
अति विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा चिकित्सक न केवल एक पेशेवर हैं, बल्कि वे समाज के लिए एक प्रेरक शक्ति भी हैं। उन्हें सम्मान देना सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है।