जनसुनवाई में 18 मामलों की हुई सुनवाई

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राज्य महिला आयोग द्वारा चलाए जा रहे “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत विकास भवन सभागार पौड़ी में जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने की।
जनसुनवाई में कुल 18 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान कुसुम कंडवाल ने कहा कि आयोग महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील है तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।