होली पर 108 एंबुलेंस सेवा हाई अलर्ट पर, कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त
देहरादून। उत्तराखंड समेत देशभर में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। त्योहार के दौरान संभावित सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों को देखते हुए 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
देहरादून में 108 एंबुलेंस सेवा के जीएम अनिल शर्मा ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान हर एंबुलेंस पूरी तरह सक्रिय रहे और किसी भी सूचना पर तुरंत रवाना हो। संवेदनशील स्थानों पर तैनात एंबुलेंस जाम में न फंसे, इसके लिए तकनीकी व्यवस्था भी की गई है, जिससे जाम की पूर्व सूचना सेंट्रल कॉल सेंटर को मिल सके और समय पर मदद पहुंचाई जा सके।