चेकिंग में अवैध लकड़ी से लदा ट्रक सीज, चालक गिरफ्तार

पौड़ी। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सतपुली पुलिस ने अवैध लकड़ी से लदा ट्रक पकड़ा है। रात्रि चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या यूके-17सीए-6575 को रोका गया, जिसमें लकड़ी भरी पाई गई। चालक वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक हसन अली (55 वर्ष) निवासी रुड़की, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है। अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया।