औचक निरीक्षण में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

औचक निरीक्षण में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार


उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने मंगलवार सायं विकास भवन में संचालित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। पंचायती राज एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सहकारिता विभाग में अमीनों की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तियां सहकारी समिति के गोदाम एवं प्रस्तावित पुस्तकालय की रिपोर्ट उपलब्ध न कराने तक वेतन आहरण पर रोक के निर्देश दिए। समाज कल्याण, पशुपालन एवं महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को लाभ सुनिश्चित करने, निर्माण कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण करने तथा स्वच्छता एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। निरीक्षण में परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *